चौक टीम, जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर 5वें चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। ये शाम के 6 बजे तक जारी रहेगा। आज 8 राज्यों की 49 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। बता दें कि पांचवे चरण में यूपी की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की 7, बिहार और ओडिशा की पांच-पांच, झारखंड, जम्मू कश्मीर और लद्दाख की एक-एक सीटों पर वोटिंग हो रही है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पश्चिम बंगाल में हिंसा की छिटपुट घटनाओं और उत्तर प्रदेश के एक गांव में चुनाव के बहिष्कार की खबरों के बीच छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीट पर सोमवार शाम 5 बजे तक 56.68 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। महाराष्ट्र में शाम 5 बजे तक सबसे कम 48.66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया तो वहीं पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसके अलावा ओडिशा विधानसभा के सेकेंड फेज की 35 सीटों पर 48.95%, झारखंड की गांडेय विधानसभा सीट पर 53.82% और लखनऊ ईस्ट सीट पर 42.53% वोटिंग हुई है। बता दें छठे चरण का मतदान 25 मई को होगा, इसके तहत 7 राज्यों की 57 सीटों के लिए वोटिंग की जाएगी। वहीं 1 जून को सातवें यानी आखिरी चरण के लिए मतदान किया जाएगा। बता दें कि चुनाव के परिणाम 4 जून को घोषित होंगे।
बता दें उत्तर प्रदेश के महोबा में ड्यूटी के दौरान एक CRPF जवान की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल के बैरकपुर और हुगली में भाजपा कैंडिडेट्स और TMC समर्थकों के बीच झड़प हुई है। मुंबई में मतदान केंद्र के पास डमी EVM रखने के आरोप में पुलिस ने शिवसेना (UBT) के तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
आज लोकसभा चुनाव के लिए मुंबई में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, गुलजार, सुभाष घई, अक्षय कुमार, नाना पाटेकर, अनिल कपूर, मनोज वाजपेयी के अलावा RBI गवर्नर शक्तिकांत दास और अनिल अंबानी ने वोटिंग की। इसके अलावा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, BSP सुप्रीमो मायावती, सतीश चंद्र मिश्रा ने लखनऊ में, राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली में वोट डाला।