हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर बैठक, डोटासरा ने कहा, चुनाव लड़ना है तो पार्टी के कार्यक्रमों में जाना ही पड़ेगा

जयपुर। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर जयपुर सम्भाग पदाधिकारियों की बैठक राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें डोटासरा ने स्पष्ट कहा कि जिन्हें चुनाव लड़ना है उन्हें कांग्रेस के कार्यक्रमों में शामिल होना पड़ेगा। जब राहुल गांधी भारत जोड़ने के लिए इतनी बड़ी यात्रा कर सकते हैं तो सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अब घर घर पहुंचना होगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर घर तक पहुंचाना होगा।

डोटासरा ने कहा कि राहुल गॉंधी ने पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा निकालकर प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को विस्तार देते हुये हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से प्रारम्भ हुआ है। जिसके तहत् दो माह तक प्रदेश के सभी कांग्रेसजन गॉंव-गॉंव, ढाणी-ढाणी, बूथ एवं हर घर जाकर जनसम्पर्क करेंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत् सभी कांग्रेसजन ब्लॉक स्तर पर पदयात्रायें निकालते हुये हर घर में राहुल गॉंधी का संदेश, राजस्थान की कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी तथा केन्द्र की भाजपा सरकार की विफलताओं के पर्चे वितरित करेंगे। अभियान के तहत् सभी घरों पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का स्टीकर लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सभी नेता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में करवाये गये विकास कार्यों का उल्लेख करते हुये अपने प्रचार के पर्चे भी 60 दिन के इस अभियान के तहत् घर-घर पहुंचाये। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ में अभियान के माध्यम से एक-एक घर जायें तथा जनता से सीधा संवाद करें।

जल्द बनेंगे शेष ब्लॉक, जिला अध्यक्ष

डोटासरा ने कहा कि अभियान की तैयोरियों के लिए हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर में कार्यकर्ता सम्मेलन किये गए। कल अजमेर सम्भाग का सम्मेलन हुआ व उसी कड़ी में आज जयपुर सम्भाग का सम्मेलन आयोजित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रभारी रंधावा के साथ लगातार फील्ड में रहेंगे। विधानसभा सत्र चल रहा है, इसलिये सभी विधायकगण जिस दिन विधानसभा का अवकाश हो, अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के तहत् पदयात्रा में शामिल हों तथा सभी विधायक अपने कार्यकर्ताओं, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधियों को निर्देशित करें कि विधानसभा सत्र के दौरान भी क्षेत्र में पदयात्रा निरन्तर चलती रहे। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सफलता प्रदेश में पुन: कांग्रेस सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक नियुक्तियों की कवायद जारी है, शीघ्र ही शेष ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष घोषित हो जायेंगे तथा जहॉं ब्लॉक अध्यक्ष घोषित हो चुके हैं उन ब्लॉकों की कार्यकारिणी बनाकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अनुमोदन के लिए शीघ्र भेजी जाये।

भाजपा के दुष्प्रचार का देना होगा जवाब

डोटासरा ने कहा कि सभी कांग्रेसजन अभियान में जुटकर जनसम्पर्क करते हुये बूथ व मण्डल स्तर पर प्रमुख कार्यकर्ताओं का सोशल मीडिया वाट्सएप ग्रुप बनायें जो कि आगामी समय में उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंन कहा कि भाजपा ना तो राजस्थान सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा बना पाई, ना ही कोई आन्दोलन कर सकी, बस झूठे तथ्यों के आधार पर पेपर लीक जैसे मुद्दों पर दुष्प्रचार कर रही है। कोई सरकार नहीं चाहती है कि पेपर लीक हो, किन्तु पूरे देश में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की समस्या बनी हुई है। राजस्थान सरकार ने युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुये कड़े प्रबंध किये तथा पेपर लीक होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुये जनता के बीच पारदर्शिता के साथ समस्त जानकारी पहुंचाई, जबकि भाजपा के शासन में पेपर लीक की जानकारी अभ्यर्थियों की ओर से दी जाकर कोर्ट में सबूत पेश करने पर न्यायालय आदेश से पेपर निरस्त हुये। राजस्थान में यदि पेपर लीक हुआ तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुये 31 हजार की भर्ती की जगह 51 हजार भर्तियां निकाली, पेपर करवाये, जिसमें से 16 हजार की तो भर्ती पूर्ण हो चुकी है। राजस्थान सरकार युवाओं को नौकरियां दे रही है तथा रोजगार उपलब्ध करवा रही है, इसी से कुंठित होकर भाजपा के नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। चुनावी वर्ष में भाजपा के अनर्गल आरोपों के हमले और बढ़ेंगे, इसीलिये सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का जनता के बीच जाना आवश्यक है क्योंकि वोट जनता देती है, इसलिये लडऩा है और जनता के बीच जाना होगा।

केंद्र ने एक भी कल्याणकारी योजना लागू नहीं की

राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने कहा कि जो जनता के बीच जायेगा तथा जनता के काम करेगा वह पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि केन्द्र सरकार ने देशभर के किसानों के खाते में राशि डाली तथा विभिन्न योजनाओं के तहत् 15 हजार करोड़ रूपये खर्च किये जबकि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने तो किसानों का 14 हजार करोड़ रूपये का कर्ज माफ कर दिया। राजस्थान में चिरंजीवी योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनायें कांग्रेस सरकार ने लागू की है, ऐसी एक भी लोक कल्याणकारी योजना केन्द्र सरकार ने लागू नहीं की है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राहुल गॉंधी जनता के बीच रहकर कार्य कर रहे हैं उसी प्रकार सभी कांग्रेसजनों को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत् कार्य करना है। जिस मेहनत एवं लगन के साथ 1979 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वापसी के लिये मेहनत की थी, उसी प्रकार मेहनत करते हुये इस अभियान के द्वारा पुन: केन्द्र में सरकार बनाने का कार्य करना है। वे कांग्रेस परिवार से आते हैं तथा पार्टी के अच्छे व बुरे दिन उन्होंने देखे हैं। पार्टी को महान् नेताओं ने अपने कार्यों के दम पर स्थापित किया है, उन नेताओं का सम्मान करते हुये आज सभी को यह समझना होगा कि कांग्रेस पार्टी के कारण ही सबका अस्तित्व है। जो नेता जनता के बीच नहीं जायेगा, जनता व कार्यकर्ताओं का दर्द नहीं समझेगा, वह राजनीति में सफल नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस बहुत मजबूत है, क्योंकि बड़े-बड़े नेताओं ने पार्टी की मजबूत नींव रखी है तथा वर्तमान में उन महान् नेताओं की विरासत को सम्भालने के लिये सभी को जन-जन के बीच जाना होगा।

मंत्री सुनिश्चित करें की कार्यकर्ताओं का काम नहीं रूक

रंधावा ने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिये केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया जा रहा है। आम जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गॉंधी आमजनता की दु:ख, तकलीफों एवं समस्याओं को उठाते हुये भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं जिसे जबरदस्त जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से राहुल गॉंधी के भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, यह बात सभी नेताओं को समझनी होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की यदि सुनेंगे, तो कार्यकर्ता आपको सफलता दिलायेगा, इसलिये कार्यकर्ताओं की मंशा के अनुरूप काम करते हुये पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी मंत्री अपने प्रभार क्षेत्र में जायें तो यह सुनिश्चित करें कि किसी भी कार्यकर्ता का कोई काम ना रूके। बैठक में मंत्री ममता भूपेश, शकुंतला रावत, उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी, विधायक सुरेश मोदी, कृष्णा पूनियां, डॉ. जितेन्द्र सिंह, जे. पी. चन्देलिया, गोपाल मीणा, पूर्व विधायक श्रवण कुमार, समाज कल्याण बोर्ड की चेयरमेन डॉ. अर्चना शर्मा, सीकर जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला, देवेन्द्र सिंह गोचर, गुलाम मुस्तफा, महावीर प्रसाद, अजीत यादव, आर. आर. तिवाड़ी, सुमित भगासरा, सांवर चौधरी खण्डेला मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेखक परिचय

Dr Sharad Purohit
Dr Sharad Purohithttps://x.com/DrSharadPurohit
शरद पुरोहित एक प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जिन्होंने मीडिया के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह हिंदी समाचार चैनल 'Zee News', 'सहारा समय और 'ETV News राजस्थान' में भी वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत रहे हैं। जयपुर में रहते हुए शरद पुरोहित अपराध पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई और उनकी रिपोर्टिंग ने अपराध जगत से जुड़े कई मामलों पर गहराई से प्रकाश डाला। वह डिजीटल मीडिया के क्षेत्र में भी कुशल माने जाते हैं। उन्होंने डिजिटल मीडिया में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए देश का पहला हिंदी ओटीटी न्यूज़ प्लेटफार्म 'The Chowk' की शुरुआत की, जिसमें वह सीईओ की भूमिका निभा रहे हैं। शरद पुरोहित का योगदान न केवल पारंपरिक पत्रकारिता में, बल्कि डिजीटल प्लेटफार्म पर भी अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जाता है।
--advt--spot_img