राजस्थान यूथ कांग्रेस चुनाव-2023, यशवीर शूरा और अभिमन्यु पूनियां दौड़ में आगे

राजस्थान यूथ कांग्रेस के सुस्त चुनावों में अब उबाल है। 27 फरवरी तक ऑनलाइन मतदान होगा, ऐसे में सभी प्रत्याशी अपने जीत के आकड़े को पक्का करने में जुटे है। सबसे अहम पद प्रदेशाध्यक्ष का है, जिसमें अब तक हुई वोटिंग में यशवीर शूरा बढ़त बनाए हुए है। अभिमन्यु पूनियां भी दमदार प्रत्याशी के रूप में सामने है। सुधींद्र मूंड, सतवीर चौधरी और राकेश मीणा भी अपने समर्थकों के बूते चुनावी दौड़ में गति पकड़े हुए है। पिछले चुनावों में 15 लाख 80 हजार मतदाताओं ने चयन का जिम्मा संभाला था, इस बार यह आकड़ा बढ़कर 18 लाख होने की संभावना है। अब तक 13 लाख 64 हजार 664 ऑनलाइन मतदान हो चुका है। इसमें 10 लाख 82 हजार पेड सदस्य और 2 लाख 81 हजार अनपेड सदस्य है। हालांकि ऑरिजनल सदस्य संख्या को गिना जाए तो अंतिम आकड़ा अधिकतम 9 लाख तक पहुंचेगा, फेक सदस्य संख्या को लेकर निर्वाचन अधिकारी और प्रभारी पहले से सख्त रूख दर्शा रहे है।

कांग्रेस को वर्ष 2018 के चुनावों में 40.64 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं बीजेपी को 39.08 प्रतिशत वोट मिले थे। राजस्थान में पांच करोड़ मतदाता वर्ष 2023 में होने वाले चुनावों में वोट डालेंगे, ऐसे में यूथ कांग्रेस के सदस्यों की संख्या इन चुनावों में भी अहम साबित होगी।

27 फरवरी तक होगा ऑनलाइन मतदान

राजस्थान में यूथ कांग्रेस के लिए चार पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष, महासचिव, जिला अध्यक्ष और विधान सभा अध्यक्ष के लिए चुनाव कराया जा रहा है। इस बार नए और पुराने सदस्यों को वोटिंग का अधिकार तभी मिल रहा है, जब वे पार्टी कोष में 50 रुपए जमा कराएंगे।

चुरू, बीकानेर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़ और अलवर से फेक मेंबरशिप की आशंका यूथ कांग्रेस की ऑर्ब्जवेशन ईकाई ने जताई है। प्रभारी मोहम्मद शाहिद राजस्थान के दौरे पर रहकर चुनाव में पारदर्शिता पर नजर बनाए हुए है। कई बैठकें लेकर उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और सदस्य बनाने को लेकर फीडबैक लिया है।

अब तक यह है आगे

यशवीर शूरा

यशवीर शूरा युवा कांग्रेस के जरिए राजनीति की सीढियां चढ़ रहे है। राजनीति खून में है। दादा जयसिंह शूरा कल्याणपुरा सांगानेर के दो बार सरपंच, सांगानेर पंचायत समिति के 17 वर्ष तक प्रधान रहे है। सांगानेर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर विधायक का चुनाव लड़ चुके है। यशवीर सिंह वर्ष 2016 से यूथ कांग्रेस सदस्य बनें, प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी के बाद वर्ष 2020 में प्रदेश उपाध्यक्ष चुने गए। राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में कदमताल कर चुके यशवीर अब राजस्थान यूथ कांग्रेस का चेहरा बनने की दौड़ में है। राजनीतिक गलियारों में मजबूत चुनाव प्रबंधन की चर्चा है। ऑनलाइन वोटिंग में शुरू से बढ़त बनाए हुए है।

अभिमन्यू पूनियां

संगरिया के अभिमन्यू पूनिया कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने पर चर्चा में आए। विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। यूथ पालिटिक्स में सक्रिय अभिमन्यू पूनियां राजस्थान यूथ कांग्रेस के चुनावों में अपनी दमदार मौजूदगी दर्शा रहे है। सचिन पायलट समर्थक विधायकों से नजदीकी का लाभ लेने की भी चर्चा है।

सुधींद्र मूंड

शेखावाटी अंचल के इकलौते उम्मीदवार होने का दावा कर चुनावी गणित में अपने आप को फिट करने की तैयारी में है। यूथ कांग्रेस के चुनावों के जरिए बतौर युवा राजनीति की सीढि़या चढ़ने की कोशिश में है।

सतवीर चौधरी

जयपुर जिले के पवालिया गांव में किसान परिवार के घर जन्मे सतवीर चौधरी राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष है। वर्ष 2015 में राजस्थान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष चुने जाने के बाद से राजनीति का चर्चित चेहरा बने। सतवीर चौधरी को गुजरात कांग्रेस का तथा उत्तराखंड कांग्रेस का NSUI सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके है। सत्ता से जुड़े पद को संभालते हुए राजस्थान यूथ कांग्रेस का नया चेहरा बनने की तैयारी में है।

राकेश मीणा

राकेश मीणा यूथ कांग्रेस का चेहरा रहे है। प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर सचिन पायलट समर्थकों की सूची में इनका नाम रहा। अब एक बार फिर से युवा चेहरों के पीछे चयन की उम्मीद से यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में है।

इनके अलावा पूजा भार्गव, राजेश गुर्जर, डिंपल सिंदल, आशीष बैरवा, विकास कुमार व्यास, राजेश रलिया, अजय जैन, चंद्रप्रकाश मीणा, अरबाब खान और अशोक कुल्हरिया प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव मैदान में है। प्रदेश महासचिव के लिए कुल 216 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे । प्रदेश के यूथ कांग्रेस के कुल 40 जिलों के लिए बड़ी संख्या में लोग चुनाव लड़ रहे हैं। 200 विधान सभा सीटों के लिए भी प्रत्याशियों की संख्या इस बार अधिक है।

यह है प्रक्रिया

यूथ कांग्रेस की चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन और हटकर है। प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद से मेंबरशिपअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रत्याशी अपने स्तर पर अधिक से अधिक युवाओं को सदस्य बनाते हैं। चुनाव की यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन एप के जरिए होगी। नामांकन भी ऑनलाइन हो रहे हैं और एप के जरिए ही नएसदस्यों को जोड़ा जाएगा। नए सदस्य जिनके माध्यम से कांग्रेस से जुड़ेंगे, उन्हीं को वोटिंग करेंगे। इस दौरान उन्हें पार्टी के अकाउंट में 50 रुपए भेजने होंगे। साथ ही अपने परिचय पत्र के साथ पार्टी के बारे में उनके विचार का एक वीडियो भी अपलोड करना होगा। ऐसे में जो दावेदार ज्यादा से ज्यादा सदस्यों की पार्टी से जोड़ेगा, उसी की जीत निश्चित होती है। प्रदेश स्तर पर सर्वाधिक मेम्बर जोड़ने वाला प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया जाएगा। इसके बाद जिला और विधानसभा स्तर पर सर्वाधिक सदस्य जोड़ने वाले जिलाध्यक्ष और विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष चुने जाएंगे। नए सदस्यों को जोड़ने और उनकी वोटिंग के आधार पर ही महासचिव और कार्यकारिणी सदस्य चुने जाएंगे।

पदों का विभाजन

यूथ कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी प्रदेशाध्यक्ष का पद है, जबकि उपाध्यक्ष के लिए 8 पद हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए 3 पद सामान्य के लिए हैं जबकि 1 पद ओबीसी, 1 पद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, 1 पद अल्पसंख्यक और 1 पद महिला के लिए आरक्षित है। यूथ कांग्रेस में महासचिव के 45 पद है। इनमें 14 पद सामान्य है, जिन पर कोई भी दावेदार चुनाव लड़ सकता है। महासचिव के 3 पद अनुसूचित जाति, 3 पद अनुसूचित जनजाति 5 पद ओबीसी, 5 पद अल्पसंख्यक, 11 पद महिलाओं के लिए 2 पद अनुसूचित जाति और जनजाति की महिलाओं के लिए 1 पद दिव्यांग और 1 पद ट्रांसजेंडर के लिए आरक्षित हैं।

युवा कांग्रेस चुनाव में यह है आवश्यक

1 सदस्य बनाने के लिए Voter Card अनिवार्य है इसके अलावा दूसरा कोई दस्तावेज लगाने से सदस्यता रद्द हो

जाएगी।

2 आईडी कार्ड की फोटोकॉपी से फोटो मान्य नहीं होगा असली वोटर कार्ड का फोटो मान्य होगा, सदस्य की फोटो भी किसी फोटो कॉपी से नहीं बल्कि लाइव या लाइव खींच कर गैलरी से अपलोड करनी होगी।

3 2-2 सदस्यों के बैच बना कर आप 200 – 500 सदस्यों की पेमेंट एक साथ भी कर सकते हो, यदि अकेला व्यक्ति मेंबरशिप फीस पेमेंट करना चाहे तो भी कर सकता है।

4 एक मोबाइल नंबर से एक ही मेंबर बन सकता है।

5 एक मोबाइल फ़ोन से बिना किसी लिमिट के आप अपनी समझता अनुसार वोटिंग करा सकते हो, लेकिन हर सदस्यता के लिए अलग मोबाइल नंबर पर गया हुआ OTP जरूरी रहेगा।

6 सदस्य के दस्तावेज व फोटो वीडियो सही से अपलोड करें फोटो वीडियो साफ ना होने पर होल्ड या रिजेक्ट में जा सकता है

7 सदस्य कोई भी बना सकता है भले उस व्यक्ति ने नामांकन ना करा हो, APP डाउनलोड करके रजिस्ट्रेशन करके

सदयस्ता कर सकते हैं।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेखक परिचय

Ankit Tiwari
Ankit Tiwarihttp://rajasthanchowk.com/
वर्ष 2003 से पत्रकारिता में। बिजनेस रिपोर्टिंग, उपभोक्ता अधिकारो, आम आदमी से जुड़े पहलुओं, उद्योग, ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम, टैक्स, ऊर्जा, बैंकिंग और कृषि सेक्‍टर पर विशेष पकड़।बिजनेस सेमीनार, बड़े आयोजनों सहित बहुजनहिताय के मुद्दों पर रिपोर्टिंग।
--advt--spot_img