राजस्थान में कांगो बुखार से पहली मौत, सरकार ने जारी किया हाई अलर्ट, जान लो कितना है खतरनाक

राजस्थान के जोधपुर में कांगो बुखार से 51 वर्षीय महिला की मौत हो गई। सरकार ने राज्यभर में अलर्ट जारी किया है। जानिए बीमारी के लक्षण और इसके बचाव के उपाय।

शरद पुरोहित,जयपुर। राजस्थान के जोधपुर में 51 वर्षीय महिला की कांगो बुखार (Congo Fever) से मौत हो गई है, जिससे राज्य में चिंता का माहौल है। अहमदाबाद के NHL म्युनिसिपल मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार को महिला ने दम तोड़ दिया। पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी द्वारा की गई जांच में इस बात की पुष्टि हुई थी।

सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश

राजस्थान सरकार ने इस घटना के बाद राज्यभर में अलर्ट जारी करते हुए कांगो बुखार के रोकथाम और बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पब्लिक हेल्थ डायरेक्टर डॉ. रवि प्रकाश माथुर ने जोधपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रभावित क्षेत्र में तेजी से कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध और लक्षणों वाले मरीजों को आइसोलेशन में रखा जा रहा है।

कैसे फैलता है कांगो बुखार?

कांगो बुखार एक गंभीर और घातक बीमारी है, जो जानवरों से इंसानों में फैलती है। इसका प्रमुख कारण हिमोरल नाम का परजीवी है, जो जानवरों की चमड़ी पर पाया जाता है। यह बीमारी अक्सर घर पर पाले जाने वाले जानवरों से फैलती है, जैसे कि गाय। बीमारी की पुष्टि में समय लग सकता है, और सामान्य बुखार के बाद दूसरे सप्ताह में हेमोरहेजिक लक्षण विकसित होते हैं।

कांगो बुखार का इतिहास और भारत में मामले

इस बुखार का पहला मामला 1944 में यूरोप के क्रीमिया में सामने आया था। 1956 में इसके मामले अफ्रीकी देशों, विशेषकर कांगो में पाए गए। भारत में पहली बार यह बीमारी 2014 में दर्ज की गई थी, और 2019 में भी अहमदाबाद में दो लोगों की मौत हुई थी।

कांगो बुखार के लक्षण

कांगो बुखार के प्रमुख लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द और कमजोरी शामिल हैं। कुछ लोगों में तेज रोशनी से परेशानी, आंखों में सूजन, डिप्रेशन, पेट दर्द और हार्टरेट में वृद्धि भी देखी जा सकती है।

क्या है इसका इलाज?

फिलहाल कांगो बुखार का कोई निश्चित इलाज नहीं है, लेकिन समय पर पता चलने पर इसके लक्षणों का इलाज कर मरीज की जान बचाई जा सकती है। इस बीमारी से बचाव के लिए जरूरी है कि जानवरों की सफाई और सुरक्षा पर ध्यान दिया जाए।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेखक परिचय

Dr Sharad Purohit
Dr Sharad Purohithttps://x.com/DrSharadPurohit
शरद पुरोहित एक प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जिन्होंने मीडिया के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह हिंदी समाचार चैनल 'Zee News', 'सहारा समय और 'ETV News राजस्थान' में भी वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत रहे हैं। जयपुर में रहते हुए शरद पुरोहित अपराध पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई और उनकी रिपोर्टिंग ने अपराध जगत से जुड़े कई मामलों पर गहराई से प्रकाश डाला। वह डिजीटल मीडिया के क्षेत्र में भी कुशल माने जाते हैं। उन्होंने डिजिटल मीडिया में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए देश का पहला हिंदी ओटीटी न्यूज़ प्लेटफार्म 'The Chowk' की शुरुआत की, जिसमें वह सीईओ की भूमिका निभा रहे हैं। शरद पुरोहित का योगदान न केवल पारंपरिक पत्रकारिता में, बल्कि डिजीटल प्लेटफार्म पर भी अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जाता है।
--advt--spot_img