चौक टीम, जयपुर। देशभर में आज 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राजस्थान में भी जगह-जगह योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार सुबह जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में योग करने पहुंचे। शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया, ”योग: कर्मसु कौशलम्” 10वें “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।

योग शरीर एवं मस्तिष्क के मध्य सामंजस्य स्थापित करने का एक शाश्वत माध्यम है जिसके नियमित अभ्यास द्वारा मनुष्य में नवीन आत्म-चेतना का उदय होता है। भारत की प्राचीनतम परंपरा की पहचान योग आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से विश्व बंधुत्व का प्रतीक बन गया है।

इसीलिए, आज के इस विशेष उपलक्ष्य पर आइए आध्यात्मिक उन्नयन, शारीरिक एवं मानसिक सशक्तिकरण तथा ‘ऊर्जावान एवं स्वस्थ राजस्थान’ के निर्माण के लिए योग को अपने जीवन में समाविष्ट करें। साथ ही, अन्य लोगों में भी इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लें।
राज्यपाल कलराज मिश्र ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय योग समारोह में उपस्थित जनों को “योग स्वयं के लिए और समाज के लिए” का संकल्प दिलाया। संकल्प में उन्होंने सभी के सुखी होने, सभी के निरोग रहने और राष्ट्र और समाज के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इससे पहले उन्होंने सामूहिक समारोह में सभी के साथ योग आसन और प्राणायाम क्रियाएं भीं की।

स्वस्थ तन और स्वस्थ मन जीवन मे सर्व सुख का आधार है और निरोगी काया के लिए योग ही उत्तम उपाय है। इसलिए हम सब को नित प्रतिदिन योग अवश्य करना चाहिए। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश की जनता के नाम अपने संदेश में शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने ये बात कही है। दिलावर ने कहा की प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को पूरी दुनिया मे एक नई पहचान दिलाई है। आज सारा विश्व मोदी जी के कारण योग करके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहा है। दिलावर ने आज जयपुर स्थित स्वाई मान सिंह स्टेडियम मे आयोजित राज्य स्तरीय अंतराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में योग किया। कार्यक्रम मे माननीय राज्यपाल महोदय कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा जी के नेतृत्व मे उपस्थित लोगो ने योग कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नई दिल्ली में कुतुबमीनार प्रांगण में योग किया। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास से मनुष्य सदैव स्वस्थ और प्रसन्न रहता है। योग अवसाद, चिंता, थकान संबंधी विकार को कम करने का सर्वोत्तम उपाय है। योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर सभी रोग भगाए जा सकते हैं।

राज्य स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अन्य मंत्रियों और विधायकों, जन प्रतिनिधियों, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों, गणमान्य जनों और आम जन ने योग, प्राणायाम आदि के आसन किए। आरंभ में राज्यपाल मिश्र के समारोह स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।