चौक टीम, जयपुर। पिछले दो चुनाव में बुरी तरह पिछड़ी कांग्रेस को लोकसभा चुनाव 2024 में बड़ी उम्मीदें हैं। इसी कड़ी में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आज एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आए हैं। आंकड़ो की माने तो देश में मोदी सरकार फिर से रिपीट हो रही है। इधर, कांग्रेस ने आज दावा किया कि इंडि गठबंधन देशभर में 295 सीटें जीतेगा। साथ ही कांग्रेस ने एक घोषणा यह भी की है कि अब उनके नेता एग्जिट पोल की डिबेट में भी शामिल होंगे।वहीं भाजपा ने 400 पार होने का दावा किया है। हालांकि, जनता ने किसे सत्ता का चाबी दी है यह 4 जून को आने वाले नतीजे ही बताएंगे। बता दें 8 से ज्यादा एग्जिट पोल में NDA को 350 से ज्यादा तो INDIA को 125 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है।
वहीं आज राजस्थान की 25 सीटों को लेकर भी एग्जिट पोल के आंकडे सामने आए हैं। कांग्रेस के कई नेताओं का दावा है कि राजस्थान में इस बार अच्छा परिणाम देखने को मिलेगा। कांग्रेस 10 से 12 सीटें जीतने का दावा कर रही है। वहीं, भाजपा एक बार फिर सभी 25 सीटें जीतकर क्लीन स्वीप की बात कह रही है। इस बार 2019 के मुकाबले करीब 5 प्रतिशत मतदान कम हुआ है, इसलिए कई रिजल्ट को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजस्थान में भाजपा को लगेगा झटका
बता दें टाइम्स नाऊ ने अपने सर्वे में राजस्थान की 25 में से 18 सीटों पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया है। कांग्रेस के खाते में सात सीटें जाती दिखाई दे रही हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि प्रदेश में किस पार्टी को कितनी सीटें मिल रही हैं। रिपब्लिक मैट्रिज ने राजस्थान में भाजपा को 22-24, इंडिया गठबंधन को 0 से 3 और एक सीट अन्य को, न्यूज 18 इंडिया भाजपा को 18-23, कांग्रेस को 2-7 जीता और इंडिया टीवी ने भाजपा को 21-24 कांग्रेस को 2-4 सीट जीता रहा है। एबीपी-सी वोटर भाजपा को 21-23 और कांग्रेस को 2-4 सीट जीता रहा है। पोल ऑफ पोल भाजपा को 20-23 और कांग्रेस को 1-5 सीट जीता रहा है। आज तक के सर्वे में भाजपा को 16-19 और इंडिया गठबंधन को 5-7 और अन्य को1 से 2 सीट मिल रही है।
2014 और 2019 में कांग्रेस का खाता नहीं खुला था
पिछले दो लोकसभा चुनाव से राजस्थान में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें बीजेपी ने जीतीं थीं। 2019 के लोकसभा चुनावों में भी 25 सीटों पर बीजेपीर गठबंधन जीता, बीजेपी ने नागौर की सीट आरएलपी को दी थी, जहां आरएलपी-बीजेपी गठबंधन में हनुमान बेनीवाल जीते थे। हालांकि कुछ सालों बाद वे गठबंधन से अलग हो गए।
बता दें लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में हुआ। पहला चरण 19 अप्रैल को और आखिरी 1 जून को संपन्न हुआ। चुनाव 543 लोकसभा सीटों के लिए हुआ। लोकसभा चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। वहीं किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 272 का आंकड़ा चाहिए।