चौक टीम, जयपुर। राजस्थान के जयपुर के पूर्व राजपरिवार के सदस्य पद्मनाभ सिंह कार हादसे में घायल हो गए हैं। दुर्घटना लंदन (इंग्लैंड) में हुई है। पद्मनाभ अपने पिता नरेंद्र सिंह और बहन गौरवी कुमारी के साथ लंदन में छुटि्टयां बिताने गए हुए थे। कार में उनके साथ पिता और बहन भी थे। दोनों ठीक हैं। हादसे के बाद डिप्टी सीएम दीया कुमारी भी लंदन पहुंच गई हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे में पद्मनाभ सिंह को चोट लगी लेकिन नरेंद्र सिंह और गौरवी सुरक्षित हैं। लंदन के एक अस्पताल में पद्मनाभ सिंह की सर्जरी कराई गई है। बेटे से मिलने के लिए दिया कुमारी भी लंदन पहुंच गई हैं।
हादसा कुछ दिन पहले हुआ था लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं दी गई। दिया कुमारी ने भी इस हादसे की जानकारी साझा नहीं की और वे अपने बेटे से मिलने के लिए लंदन गई। सिटी पैलेस से मिली जानकारी के अनुसार, पद्मनाभ की लंदन के हॉस्पिटल में सर्जरी की गई है। सर्जरी के बाद वे ठीक हैं। पद्मनाभ और गौरवी कुमारी ने कुछ समय पहले अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लंदन में घूमते हुए के फोटो शेयर किए थे।
आपको बता दें कि पिछले पांच छह दिन से डिप्टी सीएम दिया कुमारी सचिवालय नहीं पहुंचीं है। मुख्यमंत्री के अध्यक्षता में होने वाली बैठकों से भी दिया कुमारी शामिल नहीं हो पा रही हैं। अब यह जानकारी सामने आई हैं कि वे राजस्थान में नहीं बल्कि लंदन गई है। लंदन के अस्पताल में पद्मनाभ सिंह की सर्जरी हुई है और अब वे ठीक हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।