राजस्थान का Exit Poll: जानिए आपकी सीट से कौन बन रहा है सांसद? पढ़िए, सभी लोकसभा सीटों के एग्जिट पोल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल आज जारी हो गए। अलग-अलग एग्जिट पोल्स में राजस्थान में इस बार कांग्रेस को 2 से 8 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा है।

चौक टीम, जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल आज जारी हो गए। अलग-अलग एग्जिट पोल्स में राजस्थान में इस बार कांग्रेस को 2 से 8 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा है। एग्जिट पोल के अनुमानों में अंतर भले हो सकता है, लेकिन इस बार राजस्थान में कांग्रेस का खाता खुलना तय है। हालांकि इस बार के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस ने राजस्थान में तीन सीटें गठबंधन में दी हैं। इनमें बांसवाड़ा, नागौर और सीकर की सीट शामिल हैं। वहीं राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों पर आए अगल-अलग एग्जिट पोल के अनुमानों में से ज्यादातर में भाजपा 20 प्लस बताई जा रही है।

बता दें, पिछले दो लोकसभा चुनाव से राजस्थान में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें बीजेपी ने जीतीं थीं। 2019 के लोकसभा चुनावों में भी 25 सीटों पर बीजेपीर गठबंधन जीता, बीजेपी ने नागौर की सीट आरएलपी को दी थी, जहां आरएलपी-बीजेपी गठबंधन में हनुमान बेनीवाल जीते थे। हालांकि कुछ सालों बाद वे गठबंधन से अलग हो गए।

Exit Poll में राजस्थान में आ रही है इतनी सीटें

बता दें टाइम्स नाऊ ने अपने सर्वे में राजस्थान की 25 में से 18 सीटों पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया है। कांग्रेस के खाते में सात सीटें जाती दिखाई दे रही हैं। रिपब्लिक मैट्रिज ने राजस्थान में भाजपा को 22-24, इंडिया गठबंधन को 0 से 3 और एक सीट अन्य को, न्यूज 18 इंडिया भाजपा को 18-23, कांग्रेस को 2-7 जीता और इंडिया टीवी ने भाजपा को 21-24 कांग्रेस को 2-4 सीट जीता रहा है। एबीपी-सी वोटर भाजपा को 21-23 और कांग्रेस को 2-4 सीट जीता रहा है।

वहीं, आज तक के सर्वे में भाजपा को 16-19 और इंडिया गठबंधन को 5-7 और अन्य को 1 से 2 सीट मिल रही है। न्यूज 24-टुडेज चाणक्य के सर्वे में जस्थान में BJP को 51% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। इस हिसाब से राजस्थान में BJP की जीत होती दिख रही है। सर्वे में BJP को 25 में 22 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं, कांग्रेस को 2 सीटें और अन्य के खाते में भी 1 सीट जाने का अनुमान है।

आइए देखते हैं सभी लोकसभा सीटों के एग्जिट पोल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट-

अलवर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

महंत बालकनाथ के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई, इस सीट पर भाजपा ने मोदी टीम के मंत्री भूपेंद्र यादव को उतारा। यादव समाज का यहां अच्छा खासा वोट बैंक है। कांग्रेस ने भी इस वोट बैंक का फायदा उठाने के लिए ललित यादव को टिकट दिया। भूपेंद्र यादव को मोदी के चेहरे एवं बीजेपी के मुख्य मुद्दों का सहारा है। बीजेपी की शहरी क्षेत्रों में मजबूत स्थिति है।

कांग्रेस ने इस लोकसभा क्षेत्र में आने वाली विधानसभा सीटों पर अच्छा प्रदर्शन किया, ये समीकरण ललित यादव के पक्ष में है। लेकिन तीसरे फैक्टर के तौर पर बसपा से मेव मुस्लिम लीडर तैयब हुसैन के बेटे फजल हुसैन खड़े हैं। फजल हुसैन की मेव और एससी-एसटी वोटर्स पर अच्छी पकड़ है, जो कांग्रेस के वोट बैंक में सेंधमारी मानी जा रही है। इस सीट पर भाजपा मजबूत स्थिति में है।

भरतपुर लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले की ये सीट जातिगत समीकरणों में फंसी हुई है। कोली समाज के मुकाबले जाटव समाज का वोट बैंक ज्यादा है, लेकिन जनरल वोट बैंक भाजपा का माना जाता है। इस सीट पर ओबीसी वोटर्स का रुख ही नतीजा तय करेगा। इस चुनाव में यहां जाट आरक्षण मुद्दा बना, इस कारण ओबीसी में शामिल करने की मांग को लेकर जाट समाज में बीजेपी (केंद्र सरकार) के लिए नाराजगी है। इस सीट पर दोनों प्रत्याशियों के बीच टक्कर है।

करौली-धौलपुर लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

भाजपा की इंदु देवी जाटव और कांग्रेस के भजनलाल जाटव, दोनों एक ही समाज के हैं। ये समाज यहां सबसे बड़ा वोट बैंक है। जो अपने समाज से ज्यादा वोट ले लेगा, वही जीत दर्ज करेगा। कांग्रेस को गुर्जर वोट बैंक का सहारा है, तो वहीं भाजपा को जनरल वोट बैंक का। इस सीट पर दोनों प्रत्याशियों में अच्छी टक्कर है।

दौसा लोकसभा सीट- कांग्रेस मजबूत स्थिति में

इस सीट पर स्थानीय जातिगत समीकरण ज्यादा हावी हैं, जिसमें बीजेपी के राम मंदिर और अन्य मुद्दे दब गए। इस कारण यहां सीधा फायदा कांग्रेस को मिलता दिख रहा है। कांग्रेस ने बीजेपी पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया, यह एससी-एसटी वोटर्स में बड़ा मुद्दा बना, जिससे बीजेपी को नुकसान हो सकता है।

जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

चुनाव से ठीक पहले बीजेपी ने गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारिया को पार्टी में शामिल कर लिया, इससे बीजेपी को फायदा मिला। ग्रामीण क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी राव राजेंद्र सिंह का प्रभाव है और अनुभवी भी हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी अनिल चोपड़ा पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। सचिन पायलट के प्रभाव का उन्हें लाभ मिलेगा, लेकिन ओवरऑल बीजेपी यहां मजबूत दिख रही है।

जयपुर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

इस सीट पर चेहरों से ज्यादा मुद्दे हावी हैं। शहरी सीट होने के कारण राम मंदिर, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, राष्ट्रीयता जैसे बड़े स्तर के मुद्दे अधिक प्रभावी हैं, जो बीजेपी को फायदा दे रहे हैं। जयपुर शहर की सीट पर हिन्दू-मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण भी देखा जाता रहा है। राम मंदिर मुद्दा भी बीजेपी को फायदा दे रहा है। शहरी वोटर बीजेपी के पक्ष का माना जाता है। कांग्रेस के प्रचार में भी दम दिखाई नहीं दिया। इसलिए यहां बीजेपी मजबूत है।

नागौर लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

आरएलपी के हनुमान बेनीवाल इंडिया गठबंधन की ओर चुनाव लड़ रहे हैं। हनुमान ने इसी सीट से पिछला चुनाव भाजपा गठबंधन में लड़ा था और जीते थे। इस बार बीजेपी ने पांच महीने पहले पार्टी में शामिल होने वाली ज्योति मिर्धा को लोकसभा चुनाव में उतारा है। मिर्धा इस सीट से हनुमान बेनीवाल से ही पिछला लोकसभा चुनाव हार चुकी हैं।

दोनों एक ही समाज से आते हैं, जो यहां सबसे बड़ा वोट बैंक है। जाट समाज से जो ज्यादा वोट खींचेगा, उसे फायदा होगा। राजनीतिक परिवार से जुड़े होने और लगातार हारने के कारण ज्योति मिर्धा को लेकर स्थानीय लोगों में सहानुभूति है, तो बेनीवाल को कांग्रेस वोट बैंक का सहारा मिल रहा है। यहां दोनों में कांटे की टक्कर है।

सीकर लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

कांग्रेस ने इस सीट पर सीपीआई से गठबंधन किया और अपना प्रत्याशी उतारने के बजाय सीपीआई को मौका दिया। सीपीआई प्रत्याशी अमराराम यहां से लगातार 6 लोकसभा चुनाव हारे हैं। इस जिले से प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिलने को लेकर स्थानीय लोगों ने मुद्दा बनाया। सुमेधानन्द सरस्वती दो बार यहां से जीत चुके हैं। इस वजह से यहां एंटी इनकम्बेंसी भी नजर आती है। और अल्पसंख्यक वर्ग का बड़ा धड़ा अमराराम के पक्ष में खड़ा दिखाई दे रहा है। यहां कांटे की टक्कर नजर आ रही हैं।

चूरू लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

विधानसभा चुनाव हारने के बाद भाजपा के दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ ने स्थानीय सांसद राहुल कस्वां को जयचंद कह कर विवाद को हवा दे दी। भाजपा से टिकट कटने के बाद राहुल कस्वां कांग्रेस से प्रत्याशी हैं। राहुल दो बार और उनके पिता इस सीट से चार बार सांसद रहे हैं। कांग्रेस को इस राजनीतिक विरासत का फायदा मिल सकता है।

भाजपा ने नए चेहरे पैरा ओलिंपियन देवेंद्र झाझड़िया को उतारा है। यहां भाजपा का पूरा कैंपेन राठौड़ ने संभाला। देवेंद्र को साफ छवि का फायदा मिल सकता है। जाट वोट बैंक सबसे बड़ा है। यहां चुनाव में जाट-राजपूत ध्रुवीकरण भी देखने को मिला। इस सीट पर कस्वां-झाझड़िया के बीच अच्छी खासी टक्कर है।

झुंझुनूं लोकसभा सीट- कांग्रेस मजबूत स्थिति में

यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शीश राम ओला के नाम से पहचानी जाती है। मजबूत कैंडिडेट के रूप में कांग्रेस ने उनके बेटे विधायक बृजेंद्र ओला को उतार दिया। इस क्षेत्र में ओला परिवार का अच्छा प्रभाव है। ओला की राजनीतिक विरासत के कारण जाट समाज का एक बड़ा धड़ा उनको समर्थन दे रहा है। बीजेपी ने भी जाट समाज से ही शुभकरण चौधरी को टिकट दिया, लेकिन ओला भारी पड़ते दिख रहे हैं। यहां से सांसद नरेंद्र कुमार का टिकट कटने से उनके समर्थक भी बीजेपी से नाराज हैं। यहां कांग्रेस की स्थिति बेहतर है।

श्रीगंगानगर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

इस सीट पर बीजेपी ने युवा महिला प्रियंका बैलान को प्रत्याशी बनाकर चौंकाया, जिसका फायदा मिलेगा। बॉर्डर एरिया होने के कारण मोदी का चेहरा, सीमा सुरक्षा, राष्ट्रीयता स्थानीय मुद्दे हैं, जो बीजेपी के फेवर में रहते हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी कुलदीप इंदौरा हैं। यहां कांग्रेस में गुटबाजी नजर आ रही थी। चुनाव से ठीक पहले टिकट के कई मजबूत दावेदारों ने पार्टी छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था। यहां बीजेपी मजबूत नजर आ रही है।

बीकानेर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

बॉर्डर एरिया होने के कारण मोदी कैबिनेट में मंत्री और 3 बार से सांसद अर्जुन राम मेघवाल को राष्ट्रीयता, राम मंदिर, धारा 370 हटाने, सीमा सुरक्षा के मुद्दे से फायदा मिल रहा है। कांग्रेस के प्रत्याशी गोविंदराम मेघवाल को स्थानीय बागियों से नुकसान होगा। यहां बीजेपी मजबूत नजर आ रही है।

अजमेर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

हर चुनाव में इस सीट पर हिन्दू-मुस्लिम वोट बैंकों का ध्रुवीकरण बना रहता है। 2014 के बाद से लगातार बीजेपी जीत रही है। इस बार भी राष्ट्रीय मुद्दे ही यहां बीजेपी को मजबूती दे रहे हैं। यहां से बीजेपी के भागीरथ चौधरी मैदान में हैं और कांग्रेस से रामचंद्र चौधरी। दोनों एक समाज से आने के कारण एक दूसरे के वोट बैंक में सेंध लगा रहे हैं। लेकिन धर्म, राम मंदिर जैसे मुद्दों पर ध्रुवीकरण बीजेपी के पक्ष में जा रहा है। यहां बीजेपी मजबूत है।

टोंक लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

बीजेपी ने मौजूदा सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया को तीसरी बार टिकट दिया और कांग्रेस ने हरीश चंद्र मीणा को। लगातार 10 साल से सांसद रहने से जौनपुरिया के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी (सत्ता विरोधी लहर) देखी जा सकती है। वे मोदी के नाम पर चुनाव मैदान में हैं। दूसरी तरफ हरीश मीना को स्थानीय फैक्टर के साथ-साथ सचिन पायलट का सपोर्ट मिल रहा है। पायलट टोंक से विधायक हैं और उनकी साख भी जुड़ी हुई है। गुर्जर और मीणा वोट बैंक का ध्रुवीकरण रहा और अन्य जातियों से जो ज्यादा वोट लेगा उसे फायदा मिलेगा। यहां अच्छी टक्कर हैं।

भीलवाड़ा लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

प्रत्याशी से ज्यादा चर्चा मोदी फैक्टर की है। कांग्रेस ने पहले यहां से गुर्जर समाज के दामोदर गुर्जर को टिकट दिया था। बाद में बदलकर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी को प्रत्याशी बनाया। इससे कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचा है। भाजपा से दामोदर अग्रवाल प्रत्याशी हैं। ये लोकसभा क्षेत्र भी उनमें से है, जहां भाजपा का प्रत्याशी कोई भी हो, लेकिन चेहरा और मुद्दा मोदी ही बने हुए हैं। यहां भाजपा मजबूत।

राजसंमद लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

दीया कुमारी के विधानसभा सीट जीतने के बाद बीजेपी ने यहां मजबूत कैंडिडेट के रूप में उदयपुर के पूर्व राजघराने की सदस्य महिमा विश्वेराज सिंह को उतारा। यहां से कांग्रेस के दामोदर गुर्जर हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में आने वाली सभी विधानसभा सीटें बीजेपी ने जीतीं, ये समीकरण कांग्रेस पर भारी पड़ रहा है। जातिगत वोट बैंक के ध्रुवीकरण भी बीजेपी के पक्ष में हैं। कांग्रेस ने प्रत्याशी बदला था, इसका नुकसान भी होगा। बीजेपी यहां मजबूत है।

पाली लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

यहां से भाजपा ने पीपी चौधरी को तीसरी बार लगातार चुनाव में उतारा। दो चुनाव जीत चुके हैं। कांग्रेस ने महिला चेहरे के तौर पर संगीता बेनीवाल को मौका दिया है। लेकिन मोदी फैक्टर एवं अन्य मुद्दे यहां चौधरी को मजबूत बना रहे हैं। भाजपा की स्थिति यहां बेहतर नजर आती है।

उदयपुर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

यहां दो ब्यूरोक्रेट्स के बीच मुकाबला है। बीजेपी प्रत्याशी रावत उदयपुर में पूर्व परिवहन उपायुक्त रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मीना उदयपुर कलेक्टर रह चुके हैं और यहीं से रिटायर हुए हैं। तीसरा वजूद यहां बीएपी का है। बीएपी से कांग्रेस का एक सीट पर गठबंधन जरूर है, लेकिन उदयपुर सीट पर बीएपी प्रत्याशी प्रकाश चंद्र बुझ यहां कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे हैं। आरएसएस का दबदबा और हिंदू संगठनों की सक्रियता बीजेपी के पक्ष में है।

चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी यहां से प्रत्याशी हैं और उनके सामने कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे उदयलाल आंजना हैं। ये भी हिन्दू-मुस्लिम ध्रुवीकरण वाली सीट है। राम मंदिर और हिन्दुत्व जैसे मुद्दे बीजेपी के पक्ष में हैं। यहां बीजेपी की स्थिति बेहतर है।

झालावाड़ लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

वसुंधरा राजे का गढ़ होने के कारण बीजेपी ने लगातार पांचवीं बार भी उनके बेटे दुष्यंत सिंह को प्रत्याशी बनाया। वे पिछले चारों चुनाव जीते हैं। राजे की गुडविल और उनके क्षेत्र में कराए गए कामों की बदौलत लोग उनके बेटे दुष्यंत सिंह को खुलकर समर्थन दे रहे हैं। बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है।

कोटा लोकसभा सीट- कांटे की टक्कर

बीजेपी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को तीसरी बार इसी सीट से मौका दिया। बीजेपी से बगावत कर कांग्रेस में शामिल हुए प्रहलाद गुंजल ने मुकाबले को रोचक बना दिया। शहर-कस्बों में बिरला, तो ग्रामीण क्षेत्रों में गुंजल की अच्छी पकड़ है। भाजपा को मोदी फैक्टर का लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं गुंजल को कांग्रेस का सपोर्ट, लेकिन पार्टी में आने से भीतरघात का खतरा और शांति धारीवाल समर्थकों की नाराजगी का नुकसान भी हो सकता है। सभी समीकरणों को देखें, तो यहां कांटे की टक्कर है।

बांसवाड़ा लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

चुनाव से ठीक पहले बीजेपी ने गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री रहे और क्षेत्र के दिग्गज नेता महेंद्रजीत मालवीया को पार्टी में शामिल कर प्रत्याशी बनाया। कांग्रेस ने बीएपी से गठबंधन कर बीएपी प्रत्याशी राजकुमार रोत के लिए प्रचार किया। खास बात यह रही कि कांग्रेस के प्रत्याशी अरविंद डामोर ने पर्चा वापस नहीं लिया। इससे कांग्रेस गठबंधन को नुकसान होगा। बीजेपी यहां मजबूत है।

जालौर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

इस सीट से कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत प्रत्याशी हैं और भाजपा ने स्थानीय नेता लुम्बाराम चौधरी को टिकट दिया। वैभव के लिए अशोक गहलोत ने अधिकतर समय इस सीट पर काटा और अपने बेटे के लिए पूरी रणनीति बनाई, लेकिन स्थानीय नेता होने के कारण लुम्बाराम की पकड़ इस क्षेत्र में अच्छी खासी है। स्थानीय नहीं होने के कारण वैभव को सीट बदलने का फायदा नहीं मिलेगा। यहां भाजपा मजबूत है।

बाड़मेर लोकसभा सीट- त्रिकोणीय मुकाबला, लेकिन कांग्रेस को बढ़त

त्रिकोणीय मुकाबले के कारण इस चुनाव में बाड़मेर सबसे ज्यादा हॉट सीट बनी हुई है। मोदी टीम में मंत्री कैलाश चौधरी को भाजपा ने फिर टिकट दिया। लेकिन कांग्रेस ने आरएलपी नेता उम्मेदाराम बेनीवाल को पार्टी में शामिल कर इस सीट पर एक मजबूत कैंडिडेट उतार दिया। वहीं, निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी मजबूती से मैदान में हैं। राजपूत वोट बैंक भाजपा का समर्थक माना जाता है, लेकिन भाटी के कारण वह भाजपा से छिटक रहा है। इस कारण इस सीट पर मुकाबला बहुत रोचक हो गया। इधर, कैलाश और उम्मेदाराम दोनों जाट समाज से हैं और इस बड़े वोट बैंक में भी दोनों एक दूसरे के वोट काट रहे हैं। त्रिकोणीय मुकाबले में कांग्रेस बाजी मार सकती है।

जोधपुर लोकसभा सीट- भाजपा मजबूत स्थिति में

इस सीट से बीजेपी प्रत्याशी शेखावत ने पिछले चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को बड़े अंतर से हराया था। इस हार के बाद वैभव ने इस बार सीट बदल ली। प्रत्याशी बदलने का नुकसान कांग्रेस को हो रहा है। शेखावत यहां काफी मजबूत हैं। बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है।

पहले चरण में सबसे ज्यादा नुकसान

राजस्थान में 2 चरणों में मतदान हुआ। इसमें पहले चरण में 12 और दूसरे चरण में 13 सीटों पर वोटिंग हुई। पहले चरण में कम वोटिंग और जातिगत गोलबंदी के चलते मुकाबला ज्यादा कांटे का रहा। पहले चरण में अलवर, भरतपुर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर, जयपुर ग्रामीण, दौसा, करौली-धौलपुर, नागौर और गंगानगर सीट के लिए वोटिंग हुई। कुल मतदान प्रतिशत 57.65 रहा, जबकि 2019 में इन सीटों पर कुल 64.02 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इनमें नागौर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, भरतपुर, दौसा, करौली-धौलपुर पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। एग्जिट पोल के अनुमानों में सबसे ज्यादा प्रभाव इन्हीं सीटों का देखने को मिल रहा है।

दूसरे चरण में 4 सीटों पर सबसे कड़ी टक्कर

दूसरे चरण में बाड़मेर, टोंक सवाई माधोपुर, कोटा और बांसवाड़ा में भाजपा और कांग्रेस के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। दूसरे चरण में अजमेर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जालौर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, पाली, राजसमंद, टोंक-सवाई माधोपुर और उदयपुर में वोट डाले गए। मतदान का कुल प्रतिशत 65.03 रहा। वहीं 2019 में इन सीटों पर कुल 68.42 प्रतिशत की वोटिंग हुई थी।

गौरतलब है कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव 2024 में 62.10 प्रतिशत वोट पड़े थे, जो 2019 के लोकसभा चुनाव से 4.24 प्रतिशत कम हैं। यहां लोकसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए थे। राजस्थान में दोनों चरणों के लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटों पर कुल 266 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को हुआ था।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेखक परिचय

Dr Sharad Purohit
Dr Sharad Purohithttps://x.com/DrSharadPurohit
शरद पुरोहित एक प्रतिष्ठित पत्रकार हैं, जिन्होंने मीडिया के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वह हिंदी समाचार चैनल 'Zee News', 'सहारा समय और 'ETV News राजस्थान' में भी वरिष्ठ संवाददाता के रूप में कार्यरत रहे हैं। जयपुर में रहते हुए शरद पुरोहित अपराध पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई और उनकी रिपोर्टिंग ने अपराध जगत से जुड़े कई मामलों पर गहराई से प्रकाश डाला। वह डिजीटल मीडिया के क्षेत्र में भी कुशल माने जाते हैं। उन्होंने डिजिटल मीडिया में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए देश का पहला हिंदी ओटीटी न्यूज़ प्लेटफार्म 'The Chowk' की शुरुआत की, जिसमें वह सीईओ की भूमिका निभा रहे हैं। शरद पुरोहित का योगदान न केवल पारंपरिक पत्रकारिता में, बल्कि डिजीटल प्लेटफार्म पर भी अत्यधिक महत्वपूर्ण माना जाता है।
--advt--spot_img