राजसमंद से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन सिंह रावत ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, पीसीसी चीफ को लिखा खत; जानिए क्या है बड़ी वजह?

चौक टीम, जयपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए राजस्थान में कांग्रेस ने एक सीट बांसवाड़ा छोड़कर सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। जिसमें नागौर सीट और सीकर सीट पर गठबंधन के साथ लड़ा जाएगा। वहीं, राजसमंद सीट पर कांग्रेस ने भीम के पूर्व विधायक सुदर्शन सिंह रावत को टिकट दिया था। अब इसी बीच एक बड़ी खबर आयी है कि राजसमंद से कांग्रेस प्रत्याशी सुदर्शन सिंह रावत ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।

उन्होंने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखकर कहा कि किसी दूसरे को टिकट दिया जाए।

जयपुर का टिकट भी बदला गया था

बता दें इससे पहले जयपुर लोकसभा से कांग्रेस द्वारा सुनील शर्मा को टिकट दिया गया था, जिसके दो दिन बाद सुनील शर्मा ने टिकट वापस करने की पेशकश कर दी। उसके बाद प्रताप सिंह को टिकट दिया गया था। वहीं, अब राजसमंद से कांग्रेस के द्वारा सुदर्शन सिंह रावत को प्रत्याशी बनाया गया है। लेकिन सुदर्शन सिंह रावत ने पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा को पत्र लिखकर चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।

कौन हैं सुदर्शन सिंह रावत?

सुदर्शन सिंह पहली बार वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे और भाजपा के हरि सिंह को 3,714 मतों से हराया था। गत वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें चिर प्रतिद्वंद्वी हरि सिंह रावत ने 31768 वोटों से हराया था। सुदर्शन सिंह को राजनीति विरासत में मिली है। इनके पिता लक्ष्मण सिंह पूर्व मंत्री रहे हैं। पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में मगरा विकास बोर्ड अध्यक्ष भी रहे। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व वित्त आयोग सदस्य भी रहे। कांग्रेस उम्मीदवार सुदर्शन सिंह के दादा मेजर फतेह सिंह भी विधायक रहे थे।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

--advt--spot_img